मुंबई 26/11 हमलों का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा 17 साल बाद भारत में गिरफ्तार, NIA को मिली 18 दिन की कस्टडी…

मुंबई 26/11 आतंकी हमलों के 17 साल बाद मुख्य साजिशकर्ता तहव्वुर हुसैन राणा को भारत लाया गया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसे गिरफ्तार कर दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया और 20 दिन की रिमांड मांगी। अदालत ने फिलहाल 18 दिन की कस्टडी मंजूर की है।
NIA ने कोर्ट को बताया कि राणा ने हमले से पहले आरोपी नंबर 1 डेविड कोलमैन हेडली के साथ पूरी साजिश पर चर्चा की थी। हेडली ने राणा को एक ईमेल भेजा था जिसमें हमले के लिए जरूरी सामान, पैसे और अन्य आवश्यकताओं की जानकारी दी गई थी। इसी ईमेल में हेडली ने साजिश में इलियास कश्मीरी और अब्दुर रहमान की भूमिका का भी खुलासा किया था।
राणा की ओर से दिल्ली लीगल सर्विसेज से एडवोकेट पीयूष सचदेवा ने अदालत में पक्ष रखा। कोर्ट ने फिलहाल अपना फैसला सुरक्षित रखा है।
इससे पहले तहव्वुर राणा की पहली तस्वीर भी सामने आई, जिसमें वह सफेद दाढ़ी, काले चश्मे और भूरे लबादे में नजर आ रहा है। यह तस्वीर NIA ने जारी की है, जिसमें उसके दोनों हाथ अधिकारियों द्वारा पकड़े गए हैं।
गौरतलब है कि 2008 के मुंबई हमलों में 175 लोगों की मौत हुई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। यह गिरफ्तारी भारत के लिए एक अहम कूटनीतिक उपलब्धि मानी जा रही है। 64 वर्षीय राणा पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक है और डेविड हेडली का करीबी सहयोगी रहा है।