आइजोल में भारी बारिश के कारण ढह गई खदान, दस की मौत

नई दिल्ली। मिजोरम की एक खदान में भीषण हादसा हुआ है। यहां भारी बारसिह के चलते एक खदान ढह गई है। जिसकी चपेट में आने से 10 लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई लोग मलबे में दबे हुए है। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। अभी तक 2 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
हादसा मिजोरम की राजधानी आइजोल में हुआ है। यहां रेमल साइक्लोन के कारण पहले ही काफी तबाही देखने को मिली थी। इस बीच मंगलवार (28 मई) की सुबह करीब 6 बजे के आसपास आइजोल की मेल्थम और ह्लिमेन सीमा पर एक पत्थर की खदान ढह गई। खदान ढहने से आसपास के कई घर भी तबाह हो गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण राज्य में कई स्थानों पर भूस्खलन भी हुआ है। उन्होंने बताया कि हुनथर में राष्ट्रीय राजमार्ग छह पर भूस्खलन के कारण आइजोल देश के बाकी हिस्सों से अलग हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा कई अंतर-राज्य राजमार्ग भी भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं। इस बीच बारिश के कारण राज्य के सभी स्कूल बंद कर दिए गए।