50 लाख लेनदेन के विवाद में रायपुर के व्यापारी की हत्या की सुपारी देने वाला ट्रांसपोर्टर ओडिशा से गिरफ्तार…

रायपुर। राजधानी रायपुर के लाभांडी में कारोबारी के साथ हुए गोली कांड मामले में हत्या की सुपारी देने वाले ट्रांसपोर्टर संतोष सिंह को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले से हिरासत में ले लिया गया है। बता दें कि ट्रांसपोर्टर को लेकर रायपुर पुलिस आरोपित शूटर अमन शर्मा के सामने बैठाकर पूछताछ करेगी।
रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में गोली कांड में हार्डवेयर व्यापारी संदीप कुमार जैन पर ओडिशा के ट्रांसपोर्टर संतोष सिंह ने गोली चलवाई है। गिरफ्तार आरोपित अमन शर्मा ने पूछताछ में पुलिस को इस बात की जानकारी दी है। आरोपित को इस काम को पूरा करने के लिए तीन लाख रुपये मिलने थे। एडवांस में आधी रकम दे दी गई थी।
अमन के होटल में रुकने की व्यवस्था भी संतोष सिंह ने ही करवाई थी। वह तीन दिन पहले से रायपुर में आ गया था। संतोष सिंह संदीप कुमार से पैसे देने की बात कह रहा था। ऐसा नहीं करने करने पर अंजाम भुगतने की भी धमकी दी थी। बुधवार को घर से महज 200 मीटर दूरी पर अमन ने फायरिंग कर दी। आरोपित के साथ कितने लोग शामिल हैं इसकी पतासाजी की जा रही है। वहीं, घायल संदीप के होश में आने के बाद पूछताछ करेगी।
आरोपित बुधवार सुबह लगभग 10 बजे होटल से निकला। इसके बाद उसने जयस्तंभ चौक से आटो बुक की और लाभांडी चौक पहुंचा। इसके बाद वह वहां से रोमंस क्यू कालोनी की ओर गया। व्यापारी संदीप कुमार जैन के घर से कुछ दूरी पर खड़े होकर उसने फोन किया और मिलने के लिए कहा। संदीप मिलने के लिए अपनी एक्टिवा से पहुंचा तो उसने फायर कर दिया, जिसमें एक मिस फायर हुआ वहीं दूसरी गोली उसके सीने में लग गई। गोली लगने के बाद भी संदीप ने अमन को पकड़ लिया। अमन जब तक वहां से अपने आप छुड़ाकर भागता तब तक आसपास के दुकान संचालकों ने उसे घेर लिया। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
अमन के पकड़े जाने के बाद ओडिशा के ट्रांसपोर्टर की गिरफ्तारी के लिए तत्काल एक टीम को ओडिशा रवाना कर दिया गया। हालांकि खबर जैसे ही फैली इस बात की भनक उसे लग गई और वह अपना नंबर बंद कर फरार हो गया। पुलिस उसके ठिकाने पर छापेमारी कर रही है।
आरोपित के पास एक पिस्टल और एक कट्टा था। वह तीन दिन से शहर में अवैध हथियार लेकर रह रहा था। घटना के समय पिस्टल के साथ उसके पास कट्टा भी था। जैसे ही लोगों ने उसे पकड़ा तो उसने कट्टा दूर फेंक दिया। और पिस्टल को लोगों ने छीन कर पुलिस को दे दिया। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल, कट्टा और दो जिंदा कारतूस जब्त किए हैं।