प्लाट के विवाद में ठेकेदार को बाइक से उतारकर चाचा-भतीजे ने मारी गोलियां

इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में ठेकेदार को चाचा-भतीजे ने गोलियां मार दी। उससे प्लाट को लेकर विवाद चल रहा है। आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है। पुलिस को पूरी घटना के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं।
बाणगंगा टीआइ नीरज बिरथरे के मुताबिक, घटना बुधवार शाम करीब 5.30 बजे प्रीमियम पार्क रोड की है। सुंदर नगर निवासी विकास पुत्र विजय कुमार चौकसे साथी प्रकाश कौशल के साथ कालिंदी गोल्ड सिटी की तरफ जा रहा था। बाइक से आए महेंद्र त्रिवेदी और उसके भतीजे सुमेर ने विकास व प्रकाश को रोका। आरोपितों ने बाइक से उतारा और पहले लात-घूंसे मारे। प्रकाश को तो धमका कर दूर कर दिया, फिर विकास पर गोलियां चलाईं। एक गोली कमर में और दूसरी जांघ में लगी। गोलियों की आवाज सुनकर भीड़ लग गई। प्रकाश लोगों की मदद से विकास को निजी अस्पताल ले गया और पुलिस को सूचना दी।
आरोपितों ने ठेकेदार के खिलाफ दर्ज करवाया था धोखाधड़ी का केस
टीआइ के मुताबिक, विकास मकान बनाने का काम करता है। वह संपत्ति खरीदने-बेचने का व्यवसाय भी करता है। वर्षों पूर्व उसने आरोपितों को भूमाफिया चंपू अजमेरा और चिराग शाह की कालोनी कालिंदी गोल्ड सिटी में प्लाट दिलवाए थे। आरोपितों ने जिन प्लाट का सौदा किया, वहां सड़क निकली। इसे लेकर विकास के खिलाफ धोखाधड़ी का केस भी दर्ज हो चुका है। विकास ने कहा कि गड़बड़ी चंपू और चिराग ने की है, लेकिन आरोपित विकास से ही प्लाट मांग रहे हैं।
पीड़ित की बाइक में पहले आग भी लगा चुके हैं
आरोपितों ने कुछ दिन पूर्व ठेकेदार की बाइक में भी आग लगा दी थी। विकास को गुंडे भेजकर जान से खत्म करने की धमकी भी दिलवा रहे थे। टीआइ के मुताबिक, आरोपितों की पहचान हो चुकी है। उनके विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। उनकी तलाश की जा रही है।