ओडिशा में बारिश का दौर जारी, अगले कुछ दिन कई राज्यों में बरसेंगे बादल

नई दिल्ली। ओडिशा में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है, शनिवार को हुई तेज बारिश से भुवनेश्वर जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जगह-जगह सड़कों पर पानी भर गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग(आइएमडी) के अनुसार दक्षिण भारत के तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में तीन से पांच सितंबर के बीच भारी बारिश की आशंका जताई गई है। उधर तीन सितंबर तक पूर्वोत्तर भारत के राज्यों त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड और मेघायल में मध्यम सहित भारी बारिश के आसार हैं। वहीं पांच सितंबर तक महाराष्ट्र के विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश होने हो सकती है।
मौसम विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान आसमानी बिजली गिरने के साथ आंधी भी आ सकती है। 5 सितंबर तक महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी बारिश का अनुमान जताया गया है।
भारत मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार देश की राजधानी दिल्ली- नेशनल कैपिटल रीजन (एनसीआर) में रविवार को तेज हवा चल सकती है। इससे यहां गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिल सकती है। मौसम विभाक के अनुसार यहां बारिश होने की संभावना नहीं है।
पंजाब-हरियाणा में ऐसा रहेगा मौसम
पंजाब में ठंडी हवा चलने का अनुमान है, इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। वहीं हरियाणा में छा रहे बादलों से उमस के साथ गर्मी बढ़ेगी।
ओडिशा, बंगाल, तमिलनाडु और कर्नाटक में मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा और बंगाल क्षेत्र में पांच सितंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान आसमानी बिजली गिरने के साथ आंधी की आशंका भी जताई गई है।