7 दिन, 3 लोग और जीरो सुराग! बिलासपुर में महिला और बच्चों के लापता होने से सनसनी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के पांडा तराई क्षेत्र से एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है। महिला करीब सात दिन पहले अपने मायके बिलासपुर जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उसका कोई पता नहीं चल पाया। परिजनों के अनुसार, महिला अपने बच्चों के साथ अस्पताल में इलाज कराने के लिए बिलासपुर जा रही थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची। इस घटना के बाद से परिजन काफी परेशान हैं और महिला तथा बच्चों की तलाश की जा रही है।
महिला के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज
पांडा तराई थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 निवासी बिसेन कार्निक ने अपनी पत्नी पुष्पनंदनी कार्निक और तीन बच्चों के लापता होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। बिसेन ने पुलिस को बताया कि 2 फरवरी को उसकी पत्नी ने तबीयत खराब होने की बात कहकर बच्चों के साथ शारदा बस से बिलासपुर के लिए रवाना हुई थी। संपर्क करने पर शाम करीब 6 बजे दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद ससुराल पक्ष से भी जानकारी मिली कि पुष्पनंदनी वहां भी नहीं पहुंची थी।
तलाश के बाद मिली सूचना
परिजनों ने देर रात तक रिश्तेदारों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन में महिला और बच्चों को तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन बस चालक से पूछताछ करने पर उसने बताया कि महाराणा प्रताप चौक पर महिला और बच्चों को उतार दिया गया था।
पति का पुलिस पर आरोप
लापता महिला के पति बिसेन कार्निक ने पुलिस पर आरोप लगाया कि वह उसकी पत्नी और बच्चों की तलाश में गंभीरता नहीं दिखा रही है। उसने पुलिस और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और महिला और बच्चों की तलाश जारी है।



