नारियल की खेप के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 450 किलो गांजा जब्त, पुलिस को चकमा देकर तस्कर फरार

खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में नशा तस्करों के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। मुरहू थाना क्षेत्र के कुंजला गांव के पास पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। तस्करों ने इस अवैध खेप को छिपाने के लिए शातिराना तरीका अपनाते हुए ट्रक में गांजे के ऊपर बड़ी मात्रा में नारियल (डाभ) लाद रखे थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
घटना के अनुसार, वन विभाग की टीम को एक ट्रक की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने घेराबंदी कर जब ट्रक को रोककर तलाशी ली, तो शुरुआती जांच में केवल नारियल दिखाई दिए। हालांकि, बारीकी से जांच करने पर नारियल के नीचे छिपाई गई 20 बोरियां मिलीं, जिनमें लगभग 450 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।
उल्लेखनीय है कि झारखंड में तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। हाल ही में रांची में आलू चिप्स के पैकेटों में अफीम के डोडे छिपाकर तस्करी करने का मामला भी सामने आया था। खूंटी पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ इस गिरोह के अंतरराज्यीय संपर्कों की जांच की जा रही है।



