3.5 लाख रुपये और ब्लैकमेलिंग का खूनी अंत: विशाखापत्तनम में आईएनएस डेगा के जवान ने प्रेमिका को मार डाला, ऐसे खुला हत्या का राज

नई दिल्ली, 30 मार्च 2026। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। भारतीय नौसेना के एक कर्मचारी ने अपनी 28 वर्षीय प्रेमिका की हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए आरोपी ने शव के टुकड़े-टुकड़े कर कुछ हिस्सों को फ्रिज में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ऑनलाइन चाकू मंगवाकर शव के टुकड़े किए। कुछ हिस्सों को फ्रिज में रख दिया और रविवार को अदाविवरम के पास एक खाली जगह पर सिर और हाथों को जला दिया।
डेटिंग ऐप से हुई थी दोस्ती
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान सी.एच. रविंद्र के रूप में हुई है, जो आईएनएस डेगा पर तैनात है। मृतका मोनिका है। दोनों की मुलाकात 2021 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। समय के साथ उनके बीच संबंध गहरे हो गए और वे विशाखापत्तनम में पार्क और थिएटर जैसी जगहों पर अक्सर मिलते थे।
3.5 लाख रुपये को लेकर हुआ विवाद
अधिकारी ने बताया कि आरोपी के अनुसार महिला ने उससे 3.5 लाख रुपये लिए थे और उसे धमकी दी थी कि वह रिश्ते के बारे में उसकी पत्नी को बता देगी। इस वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे।
घटना वाले दिन आरोपी ने महिला को अपने फ्लैट पर बुलाया, जहां दोनों के बीच जोरदार बहस हुई। इसके बाद आरोपी ने गला दबाकर महिला की हत्या कर दी। चाकू मंगवाकर शव के टुकड़े किए और अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



