सुकमा में 22 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, पुनर्वास योजना का मिलेगा लाभ

सुकमा। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान तेज होने के बीच मंगलवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। जिले में 22 माओवादियों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया, जिनमें 21 पुरुष और एक महिला शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली जगरगुंडा, पेद्दाबोडकेल और मोरपल्ली क्षेत्रों में सक्रिय थे। इस कार्रवाई में डीआरजी सुकमा, जिला बल सुकमा, रेंज फील्ड टीम जगदलपुर तथा सीआरपीएफ की 02, 74, 111, 223, 227 और कोबरा 201 वाहिनी की आसूचना शाखा की विशेष भूमिका रही।
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर संविधान की राह अपनाने की बात कही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी को शासन की पुनर्वास नीति के तहत सहायता प्रदान की जाएगी।
प्रत्येक आत्मसमर्पित नक्सली को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है। इसके अलावा उन्हें आगे भी विभिन्न सुविधाएं और पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।



