बिलासपुर में फर्जी चेक से 21 लाख की ठगी, व्यापारियों ने आरोपी को पकड़कर पीटा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक युवक ने अलग-अलग दुकानों से फर्जी चेक थमाकर इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की ठगी की। आरोपी ऑनलाइन पेमेंट फेल होने का बहाना बनाकर फर्जी चेक देता था और सामान लेकर फरार हो जाता था। आरोप है कि उसने सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सात व्यापारियों से कुल 21 लाख 30 हजार 474 रुपये की ठगी की।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान कोरबा निवासी उज्ज्वल विश्वास के रूप में हुई है। वह दुकानों में सामान खरीदने पहुंचता, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन फेल होने पर चेक थमा देता। चेक बाउंस होने और खाते में राशि जमा न होने पर व्यापारियों को शक हुआ।
बीती रात व्यापारियों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। पिटाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें व्यापारी लात-घूंसे बरसाते दिख रहे हैं तथा आरोपी की शर्ट फट गई। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



