विधानसभा बजट सत्र का 13वां दिन, जंबूरी और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर होगी चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 13वां दिन है। सदन में आज जंबूरी अनियमितता और शालाओं के युक्तियुक्तकरण का मुद्दा उठेगा, जिस पर पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।
आज के सत्र में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित मंत्री लखन लाल देवांगन और अरुण साव सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत वन मंडल भानुप्रतापपुर क्षेत्र में अवैध पेड़ कटाई और भारी वाहनों के संचालन का मामला उठाया जाएगा। इस मुद्दे को भाजपा विधायक विक्रम उसेंडी सदन में रखेंगे।
इसके अलावा तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में अनियमितताओं को लेकर भी ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाया जाएगा। सदन में विधायक रिकेश सेन, सुशांत शुक्ला, मोतीलाल साहू और इंद्रशाह मांडवी अपनी-अपनी याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे। सत्र के दौरान चार संशोधन विधेयकों को भी पारित किए जाने की संभावना है।



