राज्यपाल रमेन डेका बोले – सिर्फ रिपोर्ट नहीं, फील्ड में जाकर देखें हकीकत | आकांक्षी ब्लॉक बैकुण्ठपुर की समीक्षा

कोरिया। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने आज कोरिया जिले के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आकांक्षी ब्लॉक बैकुण्ठपुर में चल रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि “सिर्फ बैठकों और रिपोर्टों पर निर्भर न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर वस्तुस्थिति का निरीक्षण करें।”
राज्यपाल ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा विकास की सबसे अहम प्राथमिकताएँ हैं, इसलिए इन क्षेत्रों में ठोस सुधार के लिए जमीनी स्तर पर काम तेज किया जाए। उन्होंने आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत तय 40 संकेतकों के आधार पर विभागीय प्रगति की समीक्षा की।
कुपोषण और स्वास्थ्य पर फोकस...
डेका ने कहा कि कुपोषण, एनीमिया और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम के लिए निरंतर फील्ड विजिट जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी और स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। राज्यपाल ने ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य जागरूकता और महिलाओं के पोषण स्तर को सुधारने के लिए भी विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया।
बंजर भूमि पर बागवानी और डबरी निर्माण से बदलेगी तस्वीर...

राज्यपाल डेका ने ग्रामीणों को प्रेरित किया कि बंजर भूमि पर डबरी निर्माण, बागवानी और सब्जी की खेती के माध्यम से न सिर्फ पर्यावरण संवर्धन बल्कि आर्थिक आत्मनिर्भरता भी संभव है।
उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि बच्चों के पढ़ाई के लिए घरों में एक विशेष अध्ययन कक्ष तैयार करें, ताकि शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बन सके।
कोरिया अमृत’ लोगो का विमोचन और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन...
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल डेका ने फोटो प्रदर्शनी और आजीविका मिशन के स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने ‘कोरिया अमृत’ लोगो का विमोचन कर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठाया।
साथ ही रुद्राक्ष का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
सख्त निगरानी और सक्रियता पर जोर...
राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार मेहनत और सक्रिय निगरानी से ही योजनाओं का वास्तविक लाभ जनता तक पहुँच पाएगा।