रायगढ़ में कोयला ट्रेलर की टक्कर से महिला की मौत, पति-बच्चा घायल, ग्रामीणों का चक्काजाम

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कोयला लोड ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघनपुर के पास हुई।
पुलिस के अनुसार ट्रेलर क्रमांक CG-13-AD-2483 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी सवार उमा राठिया को टक्कर मार दी। हादसे में महिला ने मौके पर दम तोड़ दिया। घायल पति टीकाराम राठिया और बच्चे को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि मृतका आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थी और सुबह परिवार के साथ स्कूटी से गांव लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही भूपदेवपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने और जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है।



