मनेन्द्रगढ़: कन्या विवाह के जोड़ों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त, 54 जोड़े घायल

मनेन्द्रगढ़। जनकपुर से रतनपुर स्थित महामाया मंदिर जा रही दुर्गा बस मंगलवार को सड़क हादसे का शिकार हो गई। बस पोड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नागपुर रेलवे स्टेशन के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी। हादसे के समय बस में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे करीब 54 जोड़े सवार थे।
हादसे में बस में बैठे सभी यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और नागपुर रेलवे स्टेशन के पास चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बस सड़क से उतरकर गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पोड़ी थाना और नागपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक व परिचालक की तलाश की जा रही है। इस हादसे के बाद प्रशासनिक तैयारियों और परिवहन व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।



