डोंगरगढ़ के जंगल में जंगली सूअर का आतंक: तेंदूपत्ता तोड़ने गई 5 महिलाएं घायल, एक की हालत नाजुक

डोंगरगढ़। कोहलाकसा जंगल में तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान जंगली सूअर ने महिलाओं के समूह पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में 5 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। चिचोला, मूंगलानी और नारायणगढ़ गांव की करीब 10 महिलाएं जंगल गई थीं, जब यह हादसा हुआ।

घायलों में फूलबाई साहू की स्थिति सबसे चिंताजनक है, जिनके सीने और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया है। घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी दहशत है।
तेंदूपत्ता सीजन होने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगलों का रुख कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा बढ़ाने और जंगली जानवरों से बचाव के लिए गश्त तेज करने की मांग की है। फिलहाल वन विभाग मामले की जांच कर रहा है।
।



