पेंड्रा-अमरकंटक में शीतलहर का असर, न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक गिरा

रायपुर। नए साल की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत से आई ठंड ने पेंड्रा-अमरकंटक क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। 31 दिसंबर की रात से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसके चलते आज सुबह न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में करीब 2 डिग्री की और गिरावट की संभावना है, जिससे शीतलहर का असर और तेज हो सकता है।
अमरकंटक के कई इलाकों में सुबह ओस की बूंदें जम गईं, जिससे सड़कों और खेतों में हल्की परतें नजर आईं। लगातार गिरते तापमान का असर आम जनजीवन पर भी पड़ा है। सुबह के समय बाजारों में सन्नाटा रहा, जबकि लोग अलाव और गर्म पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखाई दिए।
इधर, कड़ाके की ठंड के बावजूद नए साल के पहले दिन अमरकंटक में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नर्मदा उद्गम स्थल पर दर्शन और पूजन के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे। पंडरिया विधायक भावना बोहरा भी नए साल के अवसर पर अमरकंटक पहुंचीं और मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ठंड और बढ़ने की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।


