देवभूमि में बवाल: युवक की मौत के बाद भड़का आक्रोश, आरोपी के घर में आग, इंटरनेट सेवा बंद

देहरादून/विकासनगर। उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। झड़प में एक युवक की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। इस दौरान प्रदर्शन उग्र हो गया और आरोपी के घर में आग लगा दी गई। हालात को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी है।
घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में गांव की सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। वीडियो में कई लोग लाठी-डंडों के साथ दौड़ते और एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। फुटेज ने पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को उजागर कर दिया है।
खेत में पानी लगाने के विवाद से शुरू हुआ मामला
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक विवाद की शुरुआत खेत में पानी लगाने को लेकर हुई थी। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान कई लोगों के बीच मारपीट हुई, जिसमें एक युवक की जान चली गई। वहीं एक महिला सहित तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया।
12 लोगों पर केस दर्ज, बुलडोजर कार्रवाई शुरू
पुलिस ने मामले में 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।


