वंदे मातरम् के 150 वर्ष : राष्ट्रगीत के स्वर में गूंजा भारत, प्रधानमंत्री मोदी ने किया वर्षभर चलने वाले “वंदे मातरम् महाअभियान” का शुभारंभ

नई दिल्ली। राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजधानी दिल्ली से वर्षभर चलने वाले ऐतिहासिक “वंदे मातरम् महाअभियान” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूरे देश में एक साथ सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” का गायन हुआ, जिससे देशभर में राष्ट्रभक्ति और एकता का वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने “वंदे मातरम्” पर आधारित विशेष स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करते हुए कहा—
“वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह एक मंत्र, एक ऊर्जा और भारत माता के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है।”
उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले सभी वीरों को नमन करते हुए कहा कि
“जब भी तिरंगा लहराता है, हर भारतीय के हृदय से ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ का स्वर स्वतः फूट पड़ता है।”
जशपुर में गूंजा “वंदे मातरम्” का स्वर...
देशभर की तरह छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में भी इस अभियान की गूंज सुनाई दी।
कलेक्टरेट एवं जिला पंचायत कार्यालय में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने एक स्वर में “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन किया।

कलेक्टरेट में हुए कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, एसडीएम विश्वास राव मस्के सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
वहीं जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू समेत कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
विधायक रायमुनी भगत ने इस अवसर पर कहा—
“वंदे मातरम् ने आज़ादी के आंदोलन में देशभक्तों के भीतर जोश और बलिदान की भावना जगाई थी। आज हमारी जिम्मेदारी है कि आने वाली पीढ़ियों को इसके महत्व से अवगत कराएं।”
चार चरणों में मनाया जाएगा “वंदे मातरम् महाअभियान”
संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में यह महाअभियान चार चरणों में वर्षभर आयोजित किया जाएगा—
- पहला चरण: 7 से 14 नवम्बर 2025
- दूसरा चरण: 19 से 26 जनवरी 2026
- तीसरा चरण: 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ)
- चौथा चरण: 1 से 7 नवम्बर 2026
इस अवधि में प्रदेश के सभी जिलों, जनपदों, ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में सामूहिक गायन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण एवं देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियाँ आयोजित की जाएंगी।

जनभागीदारी से जुड़ेगा राष्ट्र – बनेगा जनआंदोलन...
राज्यभर में “वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ” भी लगाए जाएंगे, जहाँ नागरिक अपनी आवाज़ में “वंदे मातरम्” गाकर उसे पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। यह पहल हर भारतीय को अपने तरीके से राष्ट्रप्रेम व्यक्त करने का अवसर देगी और इस अभियान को सच्चे अर्थों में जनआंदोलन बनाएगी।



