कमरखोल के आम पेड़ के नीचे मुख्यमंत्री की चौपाल: लखपति दीदियों को अब करोड़पति बनने का दिया मंत्र

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भीषण गर्मी के बीच कबीरधाम जिले के सुदूर वनांचल ग्राम कमरखोल पहुंचे। बैगा बाहुल्य इस गांव में मुख्यमंत्री ने किसी औपचारिक मंच के बजाय आम के पेड़ के नीचे चौपाल लगाई। ग्रामीणों के बीच बैठकर उन्होंने शासकीय योजनाओं का हाल जाना और पीएम जनमन योजना के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर सामुदायिक भवन, 6 किलोमीटर लंबी सड़क, मुक्तिधाम शेड और महतारी सदन बनाने की घोषणा की।
चौपाल में मुख्यमंत्री ने जब लखपति दीदियों के बारे में पूछा, तो बड़ी संख्या में महिलाओं ने हाथ उठाए। बिहान योजना से जुड़ी इन महिलाओं की सफलता देख मुख्यमंत्री गदगद हो गए और उन्हें और मेहनत कर करोड़पति बनने की राह पर चलने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान लखपति दीदी कचरा तेलगाम ने मुख्यमंत्री को जंगल से बीने महुआ और चार उपहार में दिए, वहीं पशु सखी शिवरानी पटेल ने अपने खेत की ताजी सब्जियां भेंट कीं।
मुख्यमंत्री ने चौपाल के दौरान संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक नवजात बच्चे का नामकरण भी किया। रविवार को जन्मे इस बच्चे का नाम उन्होंने रविशंकर रखा और उपहार स्वरूप नकद राशि भेंट की। साथ ही, उन्होंने बोर्ड परीक्षा में 94.5 प्रतिशत अंक लाने वाले मेधावी छात्र राजेंद्र मसराम को पेन भेंट कर सम्मानित किया और उसे भविष्य में आईएएस बनने के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ अंचलों तक योजनाओं का लाभ पहुंचना शासन की बड़ी उपलब्धि है।



