Pune News: पूर्व महिला कर्मचारी ने Wipro पर लगाए धार्मिक उत्पीड़न और भेदभाव के आरोप, पुलिस में शिकायत दर्ज

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे से एक आईटी कंपनी से जुड़ा मामला चर्चा में आ गया है। विप्रो टेक्नोलॉजीज की एक पूर्व महिला कर्मचारी ने कंपनी पर धार्मिक उत्पीड़न, कार्यस्थल पर भेदभाव और दबाव बनाकर इस्तीफा दिलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर हिंजवडी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला उस समय सामने आया जब हिंदू जनजागृति समिति द्वारा आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व कर्मचारी ने अपने अनुभव साझा किए। महिला ने दावा किया कि जब वह पुणे के हिंजवडी स्थित कंपनी कार्यालय में कार्यरत थी, तब उसे कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा।
महिला का आरोप है कि उसकी एक सहकर्मी लगातार उसकी निजी जिंदगी में दखल देती थी और उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाती थी। पूर्व कर्मचारी के मुताबिक, उसे बार-बार हिंदू धर्म छोड़ने और एक मुस्लिम युवक के साथ संबंध बनाने की सलाह दी जाती थी। महिला ने कहा कि उसे यह भी बताया जाता था कि ऐसा करने से उसके जीवन और करियर में बेहतर अवसर मिल सकते हैं।
पूर्व कर्मचारी ने यह भी आरोप लगाया कि उसने इस पूरे मामले की जानकारी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को दी थी। हालांकि उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके विपरीत कंपनी की ओम्बड्स कमेटी में उसके खिलाफ ही शिकायत दर्ज कर दी गई।
महिला के अनुसार अगस्त 2025 में उसे एक टीम मीटिंग में बुलाया गया। वहां उस पर इस्तीफा देने का दबाव बनाया गया। उसने आरोप लगाया कि उसे अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया और अंततः उसका इस्तीफा ले लिया गया।
महिला के वकील ने बताया कि कंपनी को कानूनी नोटिस भेजा गया है। साथ ही 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग भी की गई है। उनका कहना है कि मामले में न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर, इन आरोपों पर कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।


