छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के चलते स्कूलों में छुट्टी और आंगनबाड़ी के समय में बदलाव

छत्तीसगढ़ में बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने बच्चों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। साय सरकार ने 20 अप्रैल से सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने का फैसला किया है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में भी कटौती की गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस संबंध में सभी जिला कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
नए आदेश के अनुसार, अब आंगनबाड़ी केंद्र केवल 4 घंटे के लिए सुबह 7 बजे से 11 बजे तक ही खुलेंगे। पूर्व में ये केंद्र लगभग 6 घंटे संचालित होते थे, लेकिन तेज धूप और लू के खतरों को देखते हुए समय घटाया गया है। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, उन्हें धूप से बचाएं और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन कराएं।




