राजस्व मंत्री की दोटूक: काम में लापरवाही पर नपेंगे अधिकारी, लंबित प्रकरणों के लिए तय हुई समय-सीमा

रायपुर. छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि जनहितैषी कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार और सीमांकन जैसे लंबित प्रकरणों का निपटारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से होना चाहिए। मंत्री ने निर्देश दिए कि यदि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत कार्यों में विलंब पाया जाता है, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान रायपुर जिले में राजस्व वसूली की धीमी रफ्तार पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के आदेश भी जारी किए हैं।
डिजिटल सुधार और आपदा प्रबंधन पर जोर: 3 महीने के भीतर नक्शा प्रोजेक्ट पूरा करने का लक्ष्य
विभागीय आधुनिकीकरण को गति देते हुए मंत्री श्री वर्मा ने एग्रीस्टेक, डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नक्शा प्रोजेक्ट और जियोरिफ्रेसिंग के कार्यों को आगामी 3 महीनों के भीतर पूर्ण करने का कड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने आकाशीय बिजली से बचाव और अस्पतालों व स्कूलों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने को कहा है। इसके साथ ही, नगरीय निकायों में आबादी पट्टा वितरण की जानकारी 31 जुलाई तक उपलब्ध कराने और दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना सहित स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।




