आसमान में कांपने लगा इंडिगो का विमान! दिल्ली एयरपोर्ट पर ‘फुल इमरजेंसी’ के बीच सुरक्षित उतरे 161 यात्री, हवा में ही बंद हो गया था इंजन

नई दिल्ली। शनिवार सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रहे इंडिगो के विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिली। इंजन फेल होने की आशंका के चलते एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। हालांकि पायलटों की सूझबूझ से विमान सुरक्षित लैंड कर गया और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट 6ई 579 दिल्ली के हवाई क्षेत्र में प्रवेश के दौरान सुबह करीब 10:50 बजे तकनीकी समस्या का संकेत मिला। स्थिति गंभीर होने पर पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी, जिसके बाद 10:53 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर रनवे नंबर 28 को हाई अलर्ट पर रखा गया।
विमान में कुल 161 यात्री सवार थे। आपात स्थिति के बीच पायलटों के कुशल संचालन और एटीसी के समन्वय से विमान सुबह 10:54 बजे सुरक्षित उतर गया। लैंडिंग के बाद एम्बुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
नागर विमानन महानिदेशालय के अनुसार उड़ान के दौरान विमान के नंबर एक इंजन में तेज कंपन के बाद वह बंद हो गया था। विमान को जांच और आवश्यक मरम्मत के लिए भेज दिया गया है।
इंडिगो ने बयान जारी कर बताया कि लैंडिंग से पहले तकनीकी खराबी का पता चलने पर मानक प्रक्रिया के तहत प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग कराई गई। कंपनी ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गौरतलब है कि हाल के समय में विमानों में तकनीकी खामियों को लेकर चिंता बढ़ी है। इस घटना ने एक बार फिर विमानन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



