आंध्र प्रदेश में तीसरे बच्चे पर 30 हजार, चौथे पर 40 हजार देगी सरकार: CM चंद्रबाबू नायडू का बड़ा ऐलान

0-घटती जन्म दर पर सरकार चिंतित, बोले- बच्चे बोझ नहीं, देश की संपत्ति हैं
Andhra Pradesh। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री N. Chandrababu Naidu ने शनिवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब राज्य में तीसरे बच्चे के जन्म पर परिवार को 30 हजार रुपये और चौथे बच्चे पर 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा श्रीकाकुलम जिले के नरसन्नापेटा में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान की।

मुख्यमंत्री ने ‘स्वर्ण आंध्र-स्वच्छ आंध्र’ कार्यक्रम में मंच से कहा कि सरकार जल्द ही नई जनसंख्या प्रोत्साहन नीति लागू करेगी। उन्होंने कहा कि तीसरे और चौथे बच्चे के जन्म पर आर्थिक सहायता तुरंत दी जाएगी। इस योजना की पूरी गाइडलाइन अगले एक महीने में जारी की जाएगी।
दरअसल, मार्च 2025 में मुख्यमंत्री नायडू ने विधानसभा में दूसरे बच्चे के जन्म पर 25 हजार रुपये देने का प्रस्ताव रखा था। बाद में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री Satya Kumar Yadav ने बताया कि सरकार ने योजना में बदलाव करते हुए तीसरे और चौथे बच्चे को भी शामिल करने का फैसला लिया है।
घटती जन्म दर बनी चिंता
मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश में लगातार जन्म दर कम हो रही है। उन्होंने बताया कि किसी भी राज्य या देश की आबादी को स्थिर बनाए रखने के लिए प्रति महिला औसतन 2.1 बच्चों की जरूरत होती है। अगर यह दर और कम हुई तो आने वाले समय में अर्थव्यवस्था और कार्यबल पर असर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि आज कई परिवार सिर्फ एक बच्चा रखने का फैसला कर रहे हैं। बढ़ती आय और बदलती जीवनशैली भी इसकी एक बड़ी वजह है। कुछ परिवार दूसरा बच्चा केवल बेटे की चाहत में करते हैं, जिससे जनसंख्या संतुलन पर असर पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से मानसिकता बदलने की अपील करते हुए कहा कि बच्चे बोझ नहीं बल्कि परिवार और देश की सबसे बड़ी संपत्ति होते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस सोच को बदलने के लिए लगातार काम करेगी।



