बिलासपुर: शराब पीकर स्कूल आने व दुर्व्यवहार पर प्रधान पाठक सहित दो शिक्षक निलंबित

बिलासपुर। शिक्षा विभाग ने काम में लापरवाही, सहकर्मी शिक्षकों से दुर्व्यवहार तथा शाला समय में शराब पीकर उपस्थित होने के आरोपों पर शासकीय प्राथमिक शाला मटियारी के प्रधान पाठक प्रताप सत्यार्थी सहित दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। दोनों को मुख्यालय अटैच करते हुए विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा, विभाग ने प्रधान पाठक प्रताप सत्यार्थी के विरुद्ध दीर्घ शास्ति तथा सहायक शिक्षिका सुपर्णा टेंगवार और स्नेहलता भारद्वाज के विरुद्ध लघु शास्ति की अनुशंसा भी की है।
विभाग द्वारा जारी आदेशानुसार, शासकीय प्राथमिक शाला मटियारी में पदस्थ प्रधान पाठक प्रताप सत्यार्थी शाला समय में शराब का सेवन कर उपस्थित होते थे। साथ ही, वे सहकर्मी शिक्षकों से दुर्व्यवहार करते थे तथा शाला में देरी से पहुंचने व जल्दी प्रस्थान करने की शिकायतें भी प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों की जांच विकासखंड शिक्षा अधिकारी बिल्हा द्वारा की गई, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग ने पाया कि प्रधान पाठक प्रताप सत्यार्थी (एल.बी.) का आचरण शिक्षिकीय गरिमा के प्रतिकूल तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन है। इसलिए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।



