सूरत में बड़ा हादसा: ETP टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से 4 मजदूरों की मौत, सेफ्टी नियमों पर उठे सवाल

नई दिल्ली/सूरत। गुजरात के सूरत शहर से शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। वराछा इलाके के शुगर मार्केट के पास स्थित एक ETP (Effluent Treatment Plant) टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, सुबह चार मजदूर टैंक के अंदर सफाई कार्य के लिए उतरे थे। इसी दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण उनका दम घुटने लगा। कुछ ही मिनटों में चारों मजदूर बेहोश होकर टैंक के अंदर गिर पड़े।
सुबह करीब 10:22 बजे फायर विभाग को सूचना मिली कि टैंक में एक व्यक्ति फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जब टीम टैंक के अंदर पहुंची तो वहां चार मजदूर अचेत अवस्था में मिले। काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया।
गंभीर हालत में मजदूरों को 108 एंबुलेंस और फायर टीम की मदद से तत्काल SMIMER अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
मामले पर डीसीपी आलोक कुमार ने बताया कि यह घटना अश्विनी कुमार क्षेत्र की एक ज्वेलरी फैक्ट्री के ETP प्लांट में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टैंक की सफाई के दौरान जरूरी सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया था। मृतकों में एक सुपरवाइजर और तीन मजदूर शामिल हैं।
पुलिस ने दुर्घटना से मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किस स्तर पर हुई और हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है। विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



