दुर्ग पुलिस की बड़ी कामयाबी: रायपुर के सड्डू से दबोचा गया 38 लाख का ठग, AMS Solution के नाम पर लोगों को ऐसे बनाता था शिकार

दुर्ग। जिले में रकम दोगुना करने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी निवेश कंपनियों के नाम पर लोगों को धोखा देकर 38 लाख 25 हजार रुपये की ठगी की थी।
पुलिस ने संतरा बाड़ी निवासी जयदीप सिंह कंडा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी धर्मेन्द्र कुमार बंजारे को गिरफ्तार किया। शिकायत के अनुसार आरोपी और उसके साथियों ने फर्जी एएमएस सॉल्यूशन और एमएस आर वी ग्रुप कंपनी के नाम से तीन माह में रकम दोगुना करने का लालच दिया और कुल 38 लाख 25 हजार रुपये ठग लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को रायपुर के सड्डू क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


