सेजबहार में गृह निर्माण मंडल की बड़ी कार्रवाई, सरकारी जमीन से हटाया अतिक्रमण

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने राजधानी रायपुर के सेजबहार फेस-1 कॉलोनी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अपनी भूमि से अतिक्रमण हटाया है। मंडल की टीम ने सीमांकन के बाद निजी बिल्डर द्वारा किए गए कब्जे को हटाते हुए अवैध रूप से बनाई जा रही सड़क को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार दीनदयाल आवास योजना के तहत वर्ष 2006 में ग्राम सेजबहार और दतरेंगा की करीब 21.53 हेक्टेयर भूमि गृह निर्माण मंडल को आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए आबंटित की गई थी। इस क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (LIG) के लिए बड़े पैमाने पर आवास निर्माण की योजना बनाई गई थी।
स्वीकृत ले-आउट के अनुसार यहां 1435 एलआईजी मकानों का निर्माण प्रस्तावित था। मंडल के रिकॉर्ड के मुताबिक 1327 मकान निर्धारित योजना के अनुसार बनाए गए, जबकि 39 मकान अलग स्वरूप में निर्मित हुए। इस तरह कुल 1366 आवासों का निर्माण किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान भूमि विवाद सामने आने के कारण 79 प्रस्तावित मकानों का निर्माण नहीं हो सका। विवादित क्षेत्र में निर्माण और आवासों का विक्रय दोनों ही नहीं किया गया था।
हाल ही में गृह निर्माण मंडल ने अपनी लगभग 18 हेक्टेयर भूमि का राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर सीमांकन कराया। इस दौरान पता चला कि एक निजी बिल्डर मंडल की जमीन के हिस्से पर कब्जा कर सड़क निर्माण का काम कर रहा है। सीमांकन रिपोर्ट में अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यपालन अभियंता नितेश कश्यप के नेतृत्व में मंडल की टीम मौके पर पहुंची और अवैध सड़क को हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान मंडल के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
मंडल के अधिकारियों का कहना है कि यह भूमि उनकी महत्वपूर्ण परिसंपत्ति है और भविष्य में यहां नई Housing Project विकसित करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




