रायपुर में भड़का लेंसकार्ट विवाद: शोरूम पहुंचकर नारेबाजी, कर्मचारियों को लगाया टीका

रायपुर। सोशल मीडिया से शुरू हुआ लेंसकार्ट विवाद अब राजधानी रायपुर तक पहुंच गया है, जहां विरोध ने खुला रूप ले लिया। धर्म जागरण समिति के कार्यकर्ताओं ने शोरूम में पहुंचकर नारेबाजी की और कंपनी के खिलाफ सख्त संदेश दिया।
विवाद के बीच धर्म जागरण समिति की सह संयोजिका भारती वैष्णव कार्यकर्ताओं के साथ लेंसकार्ट शोरूम पहुंचीं। यहां ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए गए और कर्मचारियों से नाम पूछकर उन्हें टीका लगाया गया। इस दौरान चेतावनी दी गई कि किसी भी तरह के हिंदू विरोधी कृत्य का विरोध किया जाएगा।
भारती वैष्णव ने वायरल वीडियो का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कंपनी में तिलक, कलेवा और जनेव पहनने पर रोक की बात कही गई, जबकि मुस्लिम कर्मचारियों को हिजाब की अनुमति दी जाती है। उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण बताते हुए विरोध जताया।
इधर विवाद बढ़ने पर कंपनी पहले ही सफाई दे चुकी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जारी बयान में कंपनी ने कहा कि वह सभी धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों का सम्मान करती है। कंपनी के अनुसार बिंदी, तिलक, सिंदूर, कलावा, मंगलसूत्र, कड़ा, हिजाब और पगड़ी सहित सभी प्रतीकों को समान रूप से स्वीकार किया जाता है। साथ ही, किसी की भावनाएं आहत होने पर खेद जताते हुए भविष्य में समानता और सम्मान पर आधारित नीतियों का आश्वासन दिया गया है।



