जशपुर में बगिया समृद्धि एम-कैड योजना का शुभारंभ: आधुनिक सिंचाई प्रणाली से बदलेंगे किसानों के दिन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के बगिया ग्राम में समृद्धि कमांड क्षेत्र विकास एवं जल प्रबंधन आधुनिकीकरण (एम-कैड) योजना के तहत दाबित उद्वहन सिंचाई प्रणाली का भूमिपूजन किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को हर बूंद से अधिक उत्पादन की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि जशपुर अब देश के लिए आधुनिक सिंचाई प्रणाली का मॉडल बनेगा। इस योजना में नहरों के बजाय भूमिगत पाइपलाइन नेटवर्क का उपयोग होगा, जिससे पानी की बर्बादी रुकेगी और जमीन अधिग्रहण की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मैनी नदी पर आधारित यह परियोजना कांसाबेल विकासखंड के बगिया, डोकड़ा, पतराटोली सहित 13 गांवों की करीब 4933 हेक्टेयर भूमि को सिंचित करेगी। इससे वर्षा पर निर्भर रहने वाले किसानों को सालभर खेती के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा और कृषि तकनीक आधारित व अधिक लाभकारी बनेगी।




