छत्तीसगढ़ में दो बड़े सड़क हादसे: ट्रेलर की भिड़ंत के बाद लगी आग में चालक जिंदा जला, पिकअप की टक्कर से एक अन्य की मौत

जांजगीर-चांपा/ सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के दो जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायल हो गए हैं। दोनों घटनाएं जांजगीर-चांपा और सूरजपुर जिले की हैं।
तीन ट्रेलरों की आपस में टक्कर, एक चालक की जलकर मौत
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा-बलौदा मेन रोड पर कोटगढ़ के पास आज सुबह करीब 5 बजे तीन ट्रेलरों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के कारण एक ट्रेलर में आग लग गई, जिससे चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। वहीं, दूसरे चालक को गंभीर चोटें आईं, जिसे स्थानीय लोगों ने बचाकर बाहर निकाला। सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। मृतक चालक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर की आशंका जताई जा रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ था।
पिकअप ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, एक की मौत
सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के सुतिया नाला के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा दो अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पिकअप चालक की पिटाई कर दी, लेकिन चालक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पिकअप अवैध धान लेकर लौट रहा था।


