CM Yogi Viral Video: गोरखपुर में मासूम बच्ची ने योगी आदित्यनाथ को गिफ्ट किया ‘बुलडोजर’, नजारा देख नहीं रुक पाई मुख्यमंत्री की हंसी

गोरखपुर। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath अपने गोरखपुर दौरे पर हैं। शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान कानपुर से आई एक छोटी बच्ची ने उन्हें खिलौना बुलडोजर भेंट किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई और खुद मुख्यमंत्री भी हंसी नहीं रोक पाए।
मुख्यमंत्री ने बच्ची को पास बुलाया, उसके साथ फोटो खिंचवाई और उसे मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। बाद में उन्होंने बच्ची को उसका खिलौना वापस कर दिया, जिसके बाद वह खुशी-खुशी वहां से चली गई।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी इसे साझा किया गया है। पोस्ट में कहा गया है कि यह नन्हा उपहार विश्वास और स्नेह का प्रतीक है।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामनवमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम धर्म, सत्य और मर्यादा के सर्वोच्च प्रतीक हैं और उनका जीवन समाज को सही मार्ग दिखाता है।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में अधिकारियों को अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीबों को परेशान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



