ऊधमपुर में भीषण बस हादसा: 15 की मौके पर मौत, 20 गंभीर, राहत कार्य तेज

ऊधमपुर। जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। रामनगर क्षेत्र के खगोट इलाके में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के तुरंत बाद प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया। कई एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन से लगातार संपर्क में हैं और राहत कार्य तेजी से चल रहा है। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट करने की भी तैयारी की जा रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो गया है और पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है। स्थानीय लोग सड़क की खराब स्थिति और यातायात प्रबंधन को लेकर सवाल उठा रहे हैं और ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।



