सरगुजा में बढ़ी गर्मी, 4 दिन हीट वेव का अलर्ट, तापमान 39 डिग्री पार

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री की वृद्धि हुई है। बुधवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
मौसम में बदलाव का असर पूरे संभाग में साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय तेज गर्मी का अहसास हुआ, वहीं शाम के बाद भी गर्मी बनी रही। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। आसमान साफ रहने के कारण आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक हीट वेव यानी लू चलने का अलर्ट जारी किया है। अप्रैल की शुरुआत में पश्चिमी विक्षोभ और नमी के कारण तापमान 28 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ था, लेकिन अब लगातार बढ़ती गर्मी ने हालात बदल दिए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र अंबिकापुर के मेट्रोलॉजिस्ट एएम भट्ट के अनुसार, राजस्थान की दिशा से गर्म हवाएं लगातार आ रही हैं, जिससे तापमान में वृद्धि हो रही है। फिलहाल कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं है, जिसके चलते गर्मी और बढ़ने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि तापमान बढ़ने के साथ दोपहर बाद स्थानीय प्रभाव से तेज अंधड़ चलने की आशंका भी बनी हुई है।
पिछले दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 11 अप्रैल को अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री था, जो 12 अप्रैल को 35.8, 13 अप्रैल को 36.1, 14 अप्रैल को 36.8 और 15 अप्रैल को बढ़कर 39.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।



