राज्यपाल से मिला ‘गूगल बॉय’ रुद्र, 6 साल के बच्चे ने जवाबों से किया हैरान

रायपुर/दुर्ग/ लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका से दुर्ग जिले के 6 वर्षीय ‘गूगल बॉय’ रुद्र शर्मा ने अपने परिजनों के साथ मुलाकात की। अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति से रुद्र ने सभी को चौंका दिया।
मुलाकात के दौरान रुद्र ने सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवालों के सटीक जवाब देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कक्षा पहली के छात्र रुद्र को यूपीएससी और पीएससी स्तर के प्रश्नों के उत्तर भी याद हैं।
राज्यपाल ने उससे छत्तीसगढ़ के गठन, राज्य की विशेषताओं और भारतीय संविधान से जुड़े सवाल पूछे, जिनका रुद्र ने तुरंत और सही जवाब दिया।
रुद्र की तेज स्मरण शक्ति और आत्मविश्वास से प्रभावित होकर राज्यपाल ने उसकी सराहना की और लोक भवन की ओर से प्रमाण पत्र देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर रुद्र की माता पायल शर्मा और नाना विनोद शर्मा भी मौजूद रहे, जिन्होंने उसकी उपलब्धि पर खुशी जताई।




