मुर्शिदाबाद में मस्जिद शिलान्यास को लेकर हुमायूं कबीर के बयान पर छिड़ी राजनीतिक जंग, BJP ने TMC पर साधा निशाना

मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में तृणमूल कांग्रेस से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर एक प्रस्तावित मस्जिद के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर चर्चा में हैं। कबीर ने कहा कि कार्यक्रम पूरी तरह वैध है और जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग प्राप्त है। उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे कुरान पाठ के बाद शिलान्यास होगा, जिसके लिए उनके समर्थक ईंटें लेकर जुट रहे हैं। इसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
हुमायूं कबीर ने स्पष्ट किया कि मुर्शिदाबाद पुलिस और राज्य पुलिस इस आयोजन में सुरक्षा और सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने इसके लिए प्रशासन और पुलिस को धन्यवाद दिया।
इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने हुमायूं कबीर पर मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। घोष ने कहा कि कबीर जैसे नेता अपनी राजनीति चमकाने के लिए इस तरह के कदम उठा रहे हैं और यह सब तृणमूल कांग्रेस की आंतरिक कलह का परिणाम है।
दिलीप घोष ने आगे कहा कि हुमायूं कबीर पहले कई दलों का दामन थाम चुके हैं। यदि उन्हें राजनीति करनी है तो नई पार्टी बनाकर चुनाव लड़ें। उन्होंने चेतावनी दी कि मुसलमानों के उद्धार की बात करने वाले नेता वोट बैंक की राजनीति के लिए ऐसे विवादास्पद कदम न उठाएं।
राम मंदिर का जिक्र करते हुए दिलीप घोष ने कहा कि अब जबकि अयोध्या में राम मंदिर बन चुका है, बाबरी मस्जिद का मुद्दा भुला देना चाहिए।
इधर हुमायूं कबीर लगातार जोर दे रहे हैं कि उनका कार्यक्रम पूरी तरह प्रशासनिक अनुमति और सहयोग से हो रहा है। फिलहाल मुर्शिदाबाद में इस मुद्दे ने राजनीतिक पारा चढ़ा दिया है और दोनों दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।



