एसीबी की बड़ी कार्रवाई, महिला एवं बाल विकास विभाग का लिपिक रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

जशपुर। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 (लिपिक) गिरीश कुमार वारे को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विभाग में लंबे समय से अवैध वसूली की शिकायतों के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी लिपिक पर विभाग में कार्यरत एक भृत्य से कथित ट्रांसफर के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था। एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर भृत्य से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय आरोपी को पकड़ लिया। बताया गया है कि इससे पहले भी आरोपी ट्रांसफर कराने के नाम पर 30 हजार रुपये वसूल चुका था।
मामले में यह भी आरोप सामने आया है कि शेष रकम नहीं देने पर आरोपी ने दबाव बनाते हुए भृत्य की पल्सर बाइक अपने पास रख ली थी। पीड़ित की शिकायत पर एसीबी ने मामले की जांच की और आरोपों की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान एसीबी टीम ने कार्यालय से महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि इस प्रकरण में अन्य अधिकारी या कर्मचारी तो शामिल नहीं हैं। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग सहित जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।



