आज छत्तीसगढ़ में होंगे अमित शाह और जेपी नड्डा, कल जांजगीर-चांपा में पीएम मोदी की होगी सभा

रायपुर। देश सहित प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज है। सभी राजनीतिक दल प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं। वही छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने है। भाजपा पहले चरण के चुनाव के बाद दूसरे चरण के मतदान के लिए ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं कर रही है। इसी कड़ी में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कांकेर में और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा लोरमी, भिलाई और रायपुर के चंदखुरी में सभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी 23 अप्रैल को जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र के सक्ती और महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के धमतरी में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 22 अप्रैल को लोरमी, आरंग, भिलाई तथा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कांकेर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर केंद्रीय गृहमंत्री का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव, सांसद सुनील सोनी व अन्य ने स्वागत किया। यहां से गृहमंत्री शाह भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचे।
उन्होंने कार्यालय में लोकसभा चुनाव को लेकर पदाधिकारियों से चर्चा की। केंद्रीय गृहमंत्री ने लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के अंतर्गत 26 अप्रैल को राजनांदगांव, कांकेर और महासमुंद सीटों के लिए होने वाले मतदान को लेकर रणनीति बनाई। तीसरे चरण को लेकर भी उन्होंने पदाधिकारियों के साथ मंथन किया। बैठक में भाजपा के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल थे।
पीएम कल आएंगे छत्तीसगढ़
प्रधानमंत्री मोदी 23 अप्रैल को जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र के सक्ती और महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के धमतरी में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री की सरगुजा लोकसभा के अंबिकापुर में सभा होगी। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने आठ अप्रैल को बस्तर से प्रदेश में लोकसभा चुनाव का शंखनाद किया था। भानपुरी के छोटे आमाबाल में चुनावी सभा में कांग्रेस पर जमकर बरसे थे।