गरियाबंद में फिल्मी सीन: पुलिस के डर से नहर में बहा दिया लाखों का गांजा, पैकेट लूटने उमड़ पड़ी भीड़

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नशे के सौदागरों और पुलिस के बीच लुका-छिपी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पाण्डुका थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने पानी में तैरते हुए संदिग्ध पैकेट देखे। दरअसल मोहतरा से अतरमरा के बीच बहती इस नहर में गांजे की खेप तैर रही थी जिसे देख हर कोई दंग रह गया।
नहर में तैरते मिले 7 लाख के पैकेट मैदानी सूत्रों ने बताया कि नेशनल हाईवे 130 से महज पांच किलोमीटर की दूरी पर तस्करों ने पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए गांजे से भरे पैकेट पानी में फेंक दिए थे। सूचना मिलते ही पाण्डुका पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से एक-एक कर कुल 17 पैकेट पानी से बाहर निकाले। बरामद किए गए इस गांजे का वजन करीब 68 किलो बताया जा रहा है जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत सात लाख रुपये के आसपास है।
तस्करों के नए पैंतरे से पुलिस भी हैरान गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी रोकने के लिए पुलिस इन दिनों काफी सख्त है और माना जा रहा है कि पकड़े जाने के खौफ में तस्करों ने यह कदम उठाया। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि क्या यह तस्करी का कोई नया तरीका है या सिर्फ मजबूरी में उठाया गया कदम। फिलहाल इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उन रास्तों पर नजर रखी जा रही है जहां से तस्करों के भागने की आशंका है।



