सब-रजिस्ट्रार के घर EOU का छापा, आय से अधिक संपत्ति के आरोप में जांच तेज

छपरा। सारण जिले के गौरा थाना क्षेत्र के जवईनिया गांव में आर्थिक अपराध इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सब-रजिस्ट्रार अमरेंद्र कुमार के पैतृक आवास पर छापेमारी की। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जांच एजेंसी के मुताबिक अमरेंद्र कुमार पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। उनके पास करीब 1.10 करोड़ रुपये की संदिग्ध संपत्ति पाई गई है, जो ज्ञात आय से लगभग 65 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। इसी आधार पर यह कार्रवाई शुरू की गई है।
सूत्रों के अनुसार टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी है। यह छापेमारी पटना स्थित विशेष निगरानी न्यायालय से मिले सर्च वारंट के आधार पर की जा रही है। जांच के दौरान जमीन-जायदाद के कागजात, बैंक रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इलाके में पुलिस बल तैनात है और आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है। पूरे गांव में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति के स्रोत और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।



