दिल्ली: जनकपुरी सड़क हादसे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घायल की मदद न करने पर सब-कॉन्ट्रैक्टर गिरफ्तार

टीआरपी डेस्क। दिल्ली के जनकपुरी इलाके में बाइक सवार के गड्ढे में गिरने से हुए हादसे के मामले में पुलिस ने सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच और पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी को हादसे की पूरी जानकारी थी, लेकिन उसने घायल युवक की सहायता करने के बजाय घटना को अनदेखा करना चुना।
संयुक्त पुलिस आयुक्त जतिन नरवाल के अनुसार, जब पीड़ित कमल अपनी बाइक सहित गड्ढे में गिरा, तब वहां से गुजर रहे एक परिवार ने उसे गिरते हुए देखा था। उस परिवार ने तुरंत पास में ही टेंट में मौजूद एक कर्मचारी को इस दुर्घटना की सूचना दी। कर्मचारी ने तत्काल अपने मालिक और सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को फोन कर मौके पर बुलाया।
पूछताछ में पता चला है कि राजेश प्रजापति घटनास्थल पर पहुंचा और उसने घायल को वहां तड़पते हुए देखा। इसके बावजूद उसने युवक को अस्पताल पहुंचाने या पुलिस को सूचना देने के बजाय वहां से चुपचाप अपने घर जाना बेहतर समझा। पुलिस अब इस मामले में लापरवाही और सबूतों की अनदेखी करने की धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



