गुरुग्राम में कॉमेडियन प्रणित मोरे ने मांगी माफी, ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद पर जारी किया वीडियो

गुरुग्राम। स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे ने अपने कॉमेडी शो से जुड़े चर्चित ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद पर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। सोशल मीडिया पर लगातार हो रही आलोचना और बढ़ते विवाद के बाद उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार की और लोगों से एक और मौका देने की अपील की।
प्रणित मोरे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए वीडियो में कहा कि वह इस आलोचना के हकदार हैं, क्योंकि जिस वक्त मंच पर विवादित टिप्पणी की जा रही थी, वह उसे रोक सकते थे। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया और इससे मामला और बढ़ गया।
उन्होंने कहा कि शो के दौरान एक दर्शक ने महिला को लेकर आपत्तिजनक बातें कही थीं। उस समय हॉल में मौजूद लोग हंस रहे थे और माहौल के बीच वह भी बहक गए। प्रणित ने माना कि यही उनकी सबसे बड़ी गलती थी।
“मैं चाहता तो वहीं रोक सकता था”
वीडियो में प्रणित ने कहा, “मैं उस व्यक्ति को उसी समय रोक सकता था। मुझे सही बात के लिए खड़ा होना चाहिए था, लेकिन मैं ऐसा नहीं कर पाया। मैंने उसे एक मंच दे दिया, जिससे मामला और ज्यादा बढ़ गया। जिन लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, मैं उन सभी से माफी मांगता हूं।”
उन्होंने यह भी बताया कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट कुछ समय के लिए सस्पेंड हो गया था। अब अकाउंट बहाल होने के बाद उन्होंने अपनी बात लोगों के सामने रखी है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, गुरुग्राम में आयोजित एक कॉमेडी शो के दौरान हिमांशु जांगड़ा नाम के एक युवक ने मंच पर दावा किया था कि उसने एक लड़की को डेट पर 370 रुपये की बिरयानी खिलाई थी और वह उन पैसों की “वसूली” करना चाहता था। युवक की इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी देखने को मिली।
विवाद तब और बढ़ गया जब शो के दौरान प्रणित मोरे उस बातचीत में दिलचस्पी लेते नजर आए। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने इसे महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताया और कार्रवाई की मांग की।
कानूनी कार्रवाई में सहयोग का दावा
प्रणित मोरे ने कहा कि उनके खिलाफ जो भी कानूनी प्रक्रिया चल रही है, उसमें वह पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि उन्हें अपनी गलती सुधारने का अवसर दिया जाए। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर चर्चा का विषय बना हुआ है।


