जशपुर से हिमालय अभियान पर रवाना हुआ युवा पर्वतारोही दल, संस्कृति और साहस का देगा संदेश

जशपुर। जशपुर जिले से एक विशेष युवा पर्वतारोही दल हिमालय अभियान के लिए रवाना हुआ है। इस दल में जिले के प्रतिभाशाली पर्वतारोही रवि सिंह, तेजल भगत, रूसनाथ भगत, सचिन कुजुर और प्रतीक नायक शामिल हैं। यह अभियान केवल एक खेल गतिविधि नहीं, बल्कि जशपुर की आदिवासी संस्कृति, प्रकृति-आधारित जीवनशैली और सामूहिकता की भावना को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर है।
यात्रा का कार्यक्रम...
दल जशपुर से रांची रवाना हुआ, जहाँ से वे ट्रेन द्वारा दिल्ली पहुँचेंगे। इसके बाद हिमाचल प्रदेश के जगतसुख के लिए प्रस्थान करेंगे। टीम 4 सितंबर तक आवश्यक प्रक्रियाएँ पूरी करेगी और 5 सितंबर को बेस कैम्प पहुँचेगी।
अधिकारियों ने दी शुभकामनाएँ...
दल को रवाना करने के अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार और एसडीओ राजस्व विश्वास मस्के मौजूद रहे। अधिकारियों ने पर्वतारोहियों को शुभकामनाएँ दीं और उनके सुरक्षित एवं सफल अभियान की कामना की।
कलेक्टर व्यास ने कहा कि जशपुर के युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। वहीं वनमंडलाधिकारी शशि कुमार ने इसे जिले में खेल और साहसिक गतिविधियों की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, जो स्वयं अनुभवी पर्वतारोही हैं, ने दल को पर्वतारोहण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ और सुरक्षा उपाय बताए।
संस्कृति और संदेश के साथ अभियान...
इस अभियान का नेतृत्व पर्वतारोही स्वप्निल राचेलवार और राहुल ओगरा कर रहे हैं। इसका उद्देश्य हिमालय की ऊँचाइयों को फतह करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश भी फैलाना है।
स्थानीय संस्थाओं का सहयोग...
अभियान में जय जंगल कंपनी बतौर प्रायोजक जुड़ी है। संस्था के संस्थापक समर्थ जैन ने कहा कि यह दल पूरे जिले के लिए प्रेरणा है और आने वाली पीढ़ियों को साहसिक खेलों की ओर बढ़ने की दिशा देगा।
जिले में उत्साह...
जशपुर के नागरिक इस अभियान को लेकर गर्व और उत्साह से भरे हुए हैं। यह पहल न केवल युवाओं को प्रकृति से जोड़ेगी, बल्कि उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा भी देगी।