सुशासन तिहार में मैदान में उतरे सीएम साय: जनता से सीधा संवाद, समस्याओं के त्वरित समाधान पर फोकस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशव्यापी दौरे की शुरुआत कर दी है। आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और योजनाओं के जमीनी फीडबैक के लिए वे सीधे लोगों के बीच पहुंच रहे हैं।
रविवार सुबह सीएम साय पुलिस लाइन हेलीपेड से हेलिकॉप्टर के जरिए दौरे पर रवाना हुए। उनके साथ प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और विशेष सचिव रजत कुमार बंसल भी मौजूद हैं। अभियान के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों में जाकर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेंगे।
1 मई से 10 जून 2026 तक चलने वाले इस अभियान में प्रदेशभर में जन समस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 ग्राम पंचायतों के समूह और शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इन शिविरों में लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान, योजनाओं की जानकारी और पात्र हितग्राहियों को तत्काल लाभ देने की व्यवस्था की गई है। साथ ही सभी आवेदनों का एक माह के भीतर निराकरण और आवेदकों को स्थिति की जानकारी देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।



