मुंबई में बड़े आतंकी हमले की साजिश का दावा, दाऊद की डी-कंपनी पर गंभीर आरोप

नई दिल्ली। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि डी-कंपनी मुंबई में बड़े आतंकी हमले या किसी हाई-प्रोफाइल शख्स को निशाना बनाने की साजिश पर काम कर रही थी। कथित तौर पर इसका उद्देश्य अंडरवर्ल्ड में अपनी घटती पकड़ और प्रभाव को फिर से स्थापित करना था।

रिपोर्ट के मुताबिक हाल ही में रिलीज हुई रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ में दाऊद इब्राहिम को कमजोर और बीमार हालत में दिखाए जाने के बाद डी-कंपनी के नेटवर्क में नाराजगी देखी गई थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद संगठन के भीतर अपनी मौजूदगी और ताकत का संदेश देने की कोशिश शुरू हुई।
फिल्म के बाद बढ़ी बेचैनी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में दिखाए गए किरदार से डी-कंपनी की छवि को नुकसान पहुंचा। हालांकि फिल्म कुछ देशों में प्रतिबंधित रही, लेकिन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और टोरेंट नेटवर्क पर इसकी चर्चा तेज रही। इसी बीच सुरक्षा एजेंसियों को कथित साजिश से जुड़े इनपुट मिले।
युवाओं की भर्ती का आरोप
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गिरोह से जुड़े लोगों को कुछ युवाओं की भर्ती की जिम्मेदारी दी गई थी। इन युवाओं को कथित तौर पर स्थानीय मुद्दों के नाम पर भड़काने और उनका इस्तेमाल करने की योजना बनाई गई। जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
मुन्ना झिंगड़ा का नाम आया सामने
जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि मुंबई के जोगेश्वरी निवासी मुन्ना झिंगड़ा उर्फ सैयद मुदस्सर हुसैन का नाम भी इस कथित मॉड्यूल में सामने आया है। उसे डी-कंपनी से जुड़ा पुराना सहयोगी माना जाता रहा है। रिपोर्ट्स में उसे इस साजिश का अहम संचालक बताया गया है।
दिल्ली पुलिस ने किया मॉड्यूल का भंडाफोड़
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हाल ही में एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया था। जांच के दौरान दिल्ली, मुंबई और देश के अन्य हिस्सों में हमले की योजनाओं से जुड़े इनपुट मिलने का दावा किया गया। इस मामले में नौ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क, फंडिंग और संभावित टारगेट्स की जांच कर रही हैं। मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण गंभीरता से लिया जा रहा है। हालांकि जांच अभी जारी है और कई तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।



