करहीबाजार समाधान शिविर में मुख्यमंत्री ने दी विकास कार्यों की सौगात, हितग्राहियों से किया संवाद

रायपुर। सुशासन तिहार-2026 के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा विकासखंड स्थित करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने ग्राम करहीबाजार में सर्व समाज के लिए 25 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक भवन निर्माण और सुकालू के घर से सिद्ध बाबा मार्ग तक 25 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही करहीबाजार और कोदवा के हायर सेकेंडरी स्कूलों में भवन निर्माण कराने की भी घोषणा की गई।
उन्होंने ग्राम विटकुली में 20 लाख रुपये की लागत से मांगलिक भवन निर्माण और ग्राम पंचायत कोठमी, मोपका, कोनी, बोरसी, कोदवा, पाटन एवं रामपुर में 10-10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य कराने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मां महामाया मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात कर उनके कार्यों की सराहना भी की। आयुष्मान आरोग्य मंदिर में धात्री माताओं को किट वितरित की गई और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर हितग्राहियों से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने फुटबॉल खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और “हम होंगे कामयाब 2.0” पोर्टल का शुभारंभ किया। ग्रामीणों ने पारंपरिक खुमरी पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम में नवजात बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया और सड़क सुरक्षा जागरूकता के तहत हेलमेट भी वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही श्रीमती राजकुमारी के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने “मोर गांव मोर पानी अभियान 2.0” के तहत सोखता पिट निर्माण में श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने जल संचयन के क्षेत्र में कार्य कर रहीं बेबी सेन और अम्बे मानिकपुरी के प्रयासों की सराहना की।
शिविर में हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं से मिले लाभ भी साझा किए। नंद कुमार ध्रुव ने मोटराइज्ड वाहन संबंधी समस्या के त्वरित निराकरण पर शासन-प्रशासन का आभार जताया। वहीं दिलीप कुमार वर्मा ने स्वामित्व पट्टा योजना से लाभ मिलने की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी अनीता निषाद ने पक्का घर मिलने पर खुशी जताई। वहीं पिंकी बंजारे ने महतारी वंदन योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।



