छत्तीसगढ़ में भारतीय किसान संघ का धरना, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने की किसानों से मुलाकात

रायपुर। भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश द्वारा आज बूढ़ा तलाब स्थित धरना स्थल पर आयोजित आंदोलन में किसानों की समस्याओं और मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने किसानों से सीधे संवाद किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में मंत्री यादव ने आंदोलनरत किसानों के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात कर उनकी नौ सूत्रीय मांगों पर बिंदुवार चर्चा की।
किसानों से संवाद और समस्याओं का समाधान...
धरना स्थल पर पहुंचे मंत्री गजेंद्र यादव ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा:
हम सभी किसान एक परिवार की तरह हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी किसानों की भलाई के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। आपकी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सिंचाई के क्षेत्र को बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने कैबिनेट में 15 परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इन परियोजनाओं के निर्माण के लिए 2,800 करोड़ रुपए जारी किए जा रहे हैं।

मंत्री यादव ने यह भी घोषणा की कि धान खरीदी में किसानों से 40 किलो में 700 ग्राम से अधिक नहीं लिया जाएगा, समितियों में उचित भंडारण सुनिश्चित किया जाएगा, और खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।
किसानों को आर्थिक राहत...
किसानों की मांग के अनुरूप कवर्धा के भोरमदेव शक्कर उत्पादक कंपनी के गन्ना उत्पादक किसानों के 46 करोड़ रुपये बकाया भुगतान के लिए कैबिनेट ने स्वीकृति प्रदान की है। वित्त विभाग द्वारा जल्द ही इस पर कार्रवाई की जाएगी, जिससे किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा। इस पहल पर धरना स्थल पर मौजूद किसानों ने खुशी और संतोष व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री और मंत्री का संदेश...
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने किसानों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार किसानों के हितों और विकास के लिए निरंतर काम कर रही है, और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
