छत्तीसगढ़ में अवैध धान पर कड़ी कार्रवाई, अब तक 1.51 लाख क्विंटल जब्त

रायपुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही छत्तीसगढ़ सरकार अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर कड़ा रुख अपनाए हुए है।
एक नवंबर से 6 दिसंबर तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 1,51,809 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। यह कार्रवाई राज्य में प्रवेश करने वाले बाहरी धान की रोकथाम के लिए बनाई गई सख्त निगरानी प्रणाली का हिस्सा है।
मार्कफेड ने राज्य की सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित किए हैं और कलेक्टर की अध्यक्षता में विशेष टास्कफोर्स गठित की गई है। इसके साथ ही मार्कफेड के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से धान खरीदी व्यवस्था की रियल-टाइम निगरानी की जा रही है।
जारी आंकड़ों के मुताबिक सर्वाधिक धान महासमुंद जिले में जब्त किया गया है, जहां 25,718 क्विंटल धान पकड़ा गया। इसके बाद धमतरी में 23,859 क्विंटल, रायगढ़ में 21,331 क्विंटल और राजनांदगांव में 14,977 क्विंटल धान जब्त हुआ है। अन्य जिलों में भी बड़ी मात्रा में अवैध परिवहन के जरिए लाया जा रहा धान पकड़ा गया है।
सीमावर्ती जिलों में बढ़ी निगरानी और त्वरित अलर्ट-रिस्पॉन्स सिस्टम की वजह से अन्य राज्यों से धान की अवैध आमद को रोकने में सफलता मिल रही है। शासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि को जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत रोका जाएगा।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि धान खरीदी को पारदर्शी रखने के लिए एकीकृत कंट्रोल सेंटर के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है। साथ ही पुलिस और जिला प्रशासन मिलकर अवैध परिवहन पर लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।



