‘यह सैन्य ऑपरेशन नहीं, नागरिकों पर हमला है’: काबुल हमले पर भारत का पाकिस्तान पर बड़ा प्रहार

नई दिल्ली। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अस्पताल पर हुए हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है और पाकिस्तान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भारत ने इसे सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने वाला कायराना हमला बताया है।
भारत सरकार ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में अस्पताल को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है। सरकार के अनुसार यह सीधा नागरिकों पर हमला है, जिसे किसी भी रूप में सैन्य कार्रवाई नहीं कहा जा सकता। भारत ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान इस मामले को छिपाने की कोशिश कर रहा है और उसे इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
भारत ने इस हमले को अफगानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा प्रहार बताया और कहा कि इससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है। सरकार ने यह भी कहा कि रमजान जैसे पवित्र महीने में इस तरह का हमला और भी निंदनीय है, जब शांति और मानवता की भावना को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि इस घटना को गंभीरता से लिया जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही भारत ने अफगानिस्तान के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।



