छत्तीसगढ़ के सीएम हाउस में तीजा-पोरा तिहार, सीएम भूपेश बघेल सपरिवार हुए शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक ‘तीजा- पोरा पर्व’ के अवसर पर हर वर्षों की तरह इस वर्ष भी आज मुख्यमंत्री निवास में भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास में आयोजित तीजा पोरा तिहार में सपरिवार शामिल हुए।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का तीजा-पोरा तिहार में महिलाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हर साल की तरह पोरा तिहार के अवसर पर हम अपनी बहनों को अपने निवास में आमंत्रित करते हैं। आप सभी बड़े उत्साह के साथ आए, आप सभी को तीजा पोरा तिहार की बहुत शुभकामनाएं।
प्रदेश में जो भी अतिथि आते हैं, महिलाओं को लेकर उनकी धारणाएं बदली है, छत्तीसगढ़ की महिलाएं जागरूक है और वह सक्रियता के साथ सभी गतिविधियों में भाग लेती हैं। इसलिए जब आप प्रदेश की सारी योजनाएं देखेंगे तो पाएंगे कि इन्हें महिलाओं को केंद्र में रखकर बनाई गई है। छत्तीसगढ़ सरकार ने किसान न्याय योजना, श्रमिक हितैषी योजना, गोधन न्याय योजना जैसी योजनाएं से लगभग 1 लाख 75 हज़ार करोड़ सीधे प्रदेशवासियों के खाते में भेजी गई है।
उन्होंने कहा कि तीजा के अवसर पर ऐसा मानते है कि जब महिलाएं मायके जाती है तब बारिश होती है। आप देख रहे हैं कि पिछले दो-तीन दिन से अच्छी बारिश हो रही है। पिछले 5 सालों में हमारे प्रदेशवासियों और आप बहनों के अकाल-दुकाल नहीं पड़ा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हमने हाल ही में निर्देश जारी किए हैं कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों को सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी। हमने प्रदेश में महिलाओं का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार शासकीय अंग्रेजी स्कूल खोला है, जहां गरीब परिवार के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ने का मौका मिला है। हमारा लगातार प्रयास है कि हम सब लोगों को आर्थिक रूप से संपन्न बनाएं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं घर ही नहीं संभाल रही है बल्कि मोर्चा भी संभाल रही हैं। महिलाएं सर्च ऑपरेशन में जाती है। ऐसा ट्रूप बना है जो इस काम को बखूबी अंजाम दे रही है।
सबसे पहले मुख्यमंत्री सपरिवार भगवान शंकर और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। इसके बाद पोरा तिहार के विशेष अवसर पर किसानों के महत्वपूर्ण औजार हल और नंदी बैल की पूजा की। साथ ही किसानों सहित प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
इस मौके पर प्रदेशभर से बड़ी संख्या में महिलाएं सीएम हाउस पहुंचीं। सीएम बघेल महिलाओं से मुलाकात कर रहे हैं। वहीं ‘तीजा- पोरा पर्व’ के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास को छत्तीसगढ़ी संस्कृति में सजाया गया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पोला तिहार की दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को विशेष रूप से किसान भाइयों को पारंपरिक पोला तिहार की बधाई और शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की है। पोरा तिहार पर जारी अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि पोला तिहार छत्तीसगढ़ की परंपरा, संस्कृति और लोक जीवन की गहराइयों से जुड़ा पर्व है। यह हमारे जीवन में खेती-किसानी और पशुधन का महत्व बताता है।
इस दिन घरों में उत्साह से बैलों और जाता-पोरा की पूजा कर अच्छी फसल और घर को धन-धान्य से परिपूर्ण होनेे के लिए प्रार्थना की जाती है। तीज-त्यौहार हमारी संस्कृति और परंपराओं का संवाहक होते हैं। यह हमारी धरोहर को अगली पीढ़ी तक पहुंचाते हैं। पोला के दिन मिट्टी के बर्तन और बैलों से खेलकर बच्चे अनजाने ही अपनी मिट्टी और उसके सरोकारों को जुड़ते चले जाते हैं। हमारा दायित्व है कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी समृद्ध संस्कृति का परिचय कराएं और उसके संरक्षण और संवर्धन का प्रयास करें।